Jharkhand Weather: मार्च का महीना शुरू होते ही झारखंड में गर्मी का कहर, 39 डिग्री तक पहुंचा पारा; लोगों ने गर्म कपड़ों को कहा बाय-बाय

Monday, Mar 03, 2025-12:22 PM (IST)

Jharkhand Weather: मार्च का महीना शुरू होते ही झारखंड में गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। मौसम का रुख बदलते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। सबसे अधिक गर्मी बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम) में पाई गई, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

एक बार फिर रात के तापमान में जबरदस्त गिरावट आने की संभावना

दरअसल, मार्च के तीसरे सप्ताह में 35 डिग्री से अधिक तापमान होता था, लेकिन इस बार मार्च की शुरुआत में ही राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम केंद्र रांची का पूर्वानुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान एक बार फिर रात के तापमान में जबरदस्त गिरावट आने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में दिन का पारा चढ़ने से गर्मी से लोग बेहाल हो गए हैं। मौसम केंद्र रांची के अनुसार अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। 5 दिन के बाद दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट हो सकती।

आज प्रदेश में बारिश का कोई संकेत नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का प्रभाव अब लगभग समाप्त हो चुका है और आज इसका कोई असर देखने को नहीं मिलेगा। इसके कारण आज प्रदेश में बारिश का कोई संकेत नहीं है। मौसम में साफ आकाश रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर के समय अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी का अहसास और बढ़ जाएगा। हालांकि, शाम होते-होते ठंडी हवा चलने की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

वहीं, पिछले 24 घंटे में बहरागोड़ा का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन कई इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी भी काफी महसूस हुई। सबसे अधिक गर्मी बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम) में पाई गई, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि रांची में दिन का तापमान 31.5 डिग्री पर आ गया है और रात का पारा 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात का पारा चढ़ने से रात में गर्मी लगने लगी है। अधिकतर घरों में पंखा, कूलर और एसी चला कर गर्मी से राहत पा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static