जनता दल (यू) ने मानगो नगर निगम मेयर सीट पर किया दावा, बीजेपी से की सहयोगी सीट देने की मांग

Sunday, Feb 01, 2026-02:32 PM (IST)

Jharkhand News: जनता दल (यू) ने मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर अपना दावा पेश कर दिया है। पार्टी ने एनडीए सहयोगी बीजेपी से आग्रह किया है कि मानगो मेयर सीट जदयू को दी जाए।

जनता दल (यू) ने मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी रखी है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी से कहा है कि एनडीए उम्मीदवार के रूप में इस सीट को जदयू को दे दिया जाए, ताकि जदयू अपना प्रत्याशी मैदान में उतार सके। जदयू के पास इस पद के लिए एक से ज्यादा मजबूत उम्मीदवार हैं।

रविवार को जदयू के नेताओं ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की और इस प्रस्ताव को रखा। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि मेयर पद के लिए एनडीए का एक ही उम्मीदवार हो, जो संगठन, जनसमर्थन और कार्यकर्ता बल के साथ चुनावी मैदान में उतर सके और एनडीए की जीत सुनिश्चित हो।

सरयू राय ने बैठक में बताया कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से इस विषय पर संपर्क किया गया है और बातचीत जारी है। उन्होंने जदयू नेताओं को भरोसा दिया कि वे पार्टी के विचारों को मजबूती से आगे रखेंगे। बैठक में मौजूद नेताओं ने उम्मीद जताई कि राजग गठबंधन जदयू की मजबूती, जनाधार और सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखकर उचित निर्णय लेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static