असम चुनाव: क्या कल्पना-हेमंत से डर गए हिमंता? कल्पना सोरेन का हेलीकॉप्टर रोका गया, फिर भी नहीं हारी हिम्मत; ऐसे किया जनता को संबोधित

Monday, Apr 06, 2026-10:57 AM (IST)

Assam Election: असम में चुनाव प्रचार के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की नेता कल्पना सोरेन को प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति न मिलने से उनका तय कार्यक्रम प्रभावित हुआ, लेकिन उन्होंने फोन के जरिए लोगों से संपर्क कर अपना संदेश पहुंचाया।

PunjabKesari

कल्पना सोरेन ने फोन से जनता को किया संबोधित
असम के खुमताई, नहरकटिया और मार्गेरीटा विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के दौरान कल्पना सोरेन को परेशानी झेलनी पड़ी। उनका इन जगहों पर जनसभा करने का कार्यक्रम था, लेकिन प्रशासन ने हेलीकॉप्टर उतारने के लिए हेलीपैड की अनुमति नहीं दी। इस वजह से वह खुमताई और नहरकटिया नहीं पहुंच सकीं। हालांकि, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। मार्गेरीटा जाते समय सड़क रास्ते में ही फोन के जरिए खुमताई और नहरकटिया के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि उनके कार्यक्रम में रुकावट डाली जा सकती है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

PunjabKesari

"रास्ते रोके जा सकते हैं, लेकिन जनता का गुस्सा नहीं रोका जा सकता"
उधर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी असम में एक सभा के दौरान आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती भीड़ से सत्ता पक्ष परेशान है। इसलिए लोगों को उनकी सभा में आने से रोका जा रहा है। कल्पना सोरेन ने अपने भाषण में कहा कि रास्ते रोके जा सकते हैं, लेकिन जनता का गुस्सा नहीं रोका जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग विपक्ष की आवाज दबाना चाहते हैं।

"मतदान के जरिए अपनी ताकत जरूर दिखाएं"
कल्पना ने खुमताई, नहरकटिया और मार्गेरीटा के लोगों से, खासकर चाय बागान के मजदूरों, आदिवासी समाज, अल्पसंख्यकों, युवाओं और महिलाओं से 9 तारीख को ज्यादा से ज्यादा वोट देने की अपील की। उन्होंने इस चुनाव को सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि सम्मान, पहचान और अधिकार की लड़ाई बताया। साथ ही लोगों से कहा कि वे तीर-धनुष चुनाव चिह्न पर वोट देकर अपना जवाब दें। आखिर में उन्होंने कहा कि मतदान के जरिए अपनी ताकत जरूर दिखाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static