पश्चिमी विक्षोभ का असर: रांची में ठंड का आखिरी दौर शुरू, सुबह-शाम बढ़ी ठंड...दिन में धूप से राहत

Saturday, Jan 24, 2026-12:42 PM (IST)

Jharkhand Weather: पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड की राजधानी रांची सहित कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। ठंड के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है, जबकि दिन में हल्की धूप से कुछ राहत मिल रही है।

फरवरी के पहले सप्ताह से ठंड का असर धीरे-धीरे होगा कम
शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले से 2.2 डिग्री कम है। तापमान गिरने से सुबह और शाम ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। हवा में नमी बढ़ने के कारण शाम होते ही कनकनी लगने लगती है। हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम हो जाता है। इस बीच कांके क्षेत्र एक बार फिर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहेगा। फरवरी के पहले सप्ताह से ठंड धीरे-धीरे कम होने लगेगी और दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा। आने वाले दिनों में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, जबकि दोपहर में धूप खिलने की संभावना है। इसे सर्दी का आखिरी दौर माना जा रहा है।

24 और 25 जनवरी को ऐसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने बताया कि 24 और 25 जनवरी को आसमान में बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों में राज्य का न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। गोड्डा और पाकुड़ में 25 जनवरी के आसपास पारा 31 डिग्री तक जा सकता है। यहां रात का तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच रहेगा। कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा और लातेहार में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। लोहरदगा में तापमान 6 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। इन इलाकों में दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री के आसपास रहेगा। रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। यहां दिन में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन रातें हल्की ठंडी बनी रहेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static