'राष्ट्र की संप्रभुता और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही हेमंत सरकार', प्रतुल शाह का हमला
Sunday, Nov 26, 2023-12:50 PM (IST)

Ranchi: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव (Pratul Shahdev) ने हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला है। शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देकर राष्ट्र की सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ कर रही है।
प्रतुल ने कहा कि घुसपैठियों का फर्जी आधार कार्ड को भी रद्द करने का अधिकार राज्य सरकार के पास गृह मंत्रालय ने 2019 में ही स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर बना कर दे दिया था, जिससे यह इन फर्जी आधार कार्ड को रद्द कर सकते हैं। राज्य सरकार केंद्र पर दोषारोपण करती थी, लेकिन अब तो यह स्पष्ट है कि आधार कार्ड रद्द करने और इन घुसपैठियों को बाहर करने की जिम्मेदारी पूर्णता राज्य सरकार की है। शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस के कार्यों में और जवाबों में भी हस्तक्षेप कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतुल ने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार के इशारे पर कई जिलों की पुलिस घुसपैठियों के उपस्थिति से न सिर्फ इनकार कर रही है। बल्कि घुसपैठ रोकने के लिए बड़े-बड़े कदम उठाने की बात कर रही है।
एक प्रश्न के जवाब में शाहदेव ने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 से 2019 के बीच में बेदाग छवि वाली सरकार दी थी। उस पर आज झारखंड के इतिहास के भ्रष्टतम सरकार के मुखिया के द्वारा आरोप लगाना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिछड़ा विरोधी मानसिकता को दिखाता है। शाहदेव ने कहा कि जब से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खुद माइंस मंत्री रहते अपने नाम से माइंस का आवंटन करने के मुद्दे को सार्वजनिक किया था, उसके बाद से ही मुख्यमंत्री जी अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं। 4 वर्षों तक इस सरकार को पूर्ववर्ती सरकार के मुख्यमंत्री या किसी भी मंत्री के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।अब यह सरकार अपनी विदाई की वेला में सिर्फ यह एक फर्जी जांच का ढोंग कर रहे हैं। वास्तविकता में यह सरकार झारखंड के सबसे भ्रष्ट सरकार में गिनी जाएगी।अवैध पत्थर खनन घोटाला, अवैध कोयला खनन घोटाला, अवैध जमीन घोटाला, बीज घोटाला, ट्रांसफर पोस्टिंग घोटाला, शराब घोटाला - इस सरकार में घोटाले की एक लंबी लिस्ट है और ये दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।