झारखंड में 24 घंटे भारी! इन जिलों में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, IMD ने जारी की चेतावनी

Monday, Jul 14, 2025-02:22 PM (IST)

रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को झारखंड के 13 जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने कल यानी मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

PunjabKesari

आईएमडी अधिकारी ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में 17 जुलाई तक भारी बारिश का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा कि गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, जहां सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने कहा कि पलामू, लातेहार, गढ़वा और हजारीबाग में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से 16 जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और गिरिडीह में 16 जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे से 17 जुलाई सुबह साढ़े आठ बजे के बीच समान बारिश हो सकती है।

PunjabKesari

आज यानी सोमवार को रांची सहित झारखंड के छह जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश.... ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि चक्रवाती परिसंचरण और मानसूनी गर्त (ट्रफ़) के कारण बारिश होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में एक जून से 13 जुलाई के बीच 61 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश हुई। पूर्वी राज्य में इस अवधि के दौरान सामान्य 316.7 मिमी की तुलना में 510 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static