Jharkhand Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी से कांपा पूरा झारखंड, टूटा 4 साल का रिकॉर्ड! मुश्किल में इन 11 जिलों में रहने वाले लोग
Sunday, Dec 07, 2025-11:27 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड लगातार अपना कहर दिखा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 48 घंटे मौसम में बड़े बदलाव के साथ ठंड में काफी वृद्धि होने वाली है, जो लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होने के बाद मैदानी इलाकों में भयंकर सर्दी देखने को मिल रहे हैं। झारखंड के कई जिलों में तापमान में अचानक से भारी गिरावट देखने को मिली है जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया है। राजधानी रांची समेत 11 जिले शीतलहर की चपेट में हैं। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। झारखंड में इस साल ऐसी कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिसके बाद चार साल का रिकॉर्ड टूट गया है।

इस बीच पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सबसे कम गुमला में 3.0°C तापमान दर्ज किया गया है जो कि सामान्य काफी नीचे है। वहीं अधिकतम तापमान गोड्डा में 29.1°C दर्ज किया गया है। वहीं रांची, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और गिरिडीह समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 22°C से 27°C और न्यूनतम तापमान 6°C से 14°C दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा वहीं सुबह और रात में कोहरा बढ़ने की संभावना है। वहीं 7 से 10 दिसंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।

बढ़ती ठंड और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को, ठंड के प्रभाव से बचने के लिए गर्म और ऊनी कपड़ों से पूरी तरह से ढकने की सलाह दी गई है। लोगों को यह भी सलाह दी गई है कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें और देर रात या सुबह जल्दी की अनावश्यक यात्रा से बचें।

