झारखंड में ठंड और कोहरे की भयंकर मार, इन जिलों में 10 डिग्री से नीचे पारा; जानें अगले 4 दिनों की Weather Update
Thursday, Nov 27, 2025-09:22 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले चार दिनों तक घना कोहरा छाने की संभावना
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, धनबाद, पलामू, गढ़वा और लातेहार में ठंड का असर सबसे अधिक रहेगा। अगले चार दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा या हल्की धुंध छाने के आसार हैं, जिससे द्दश्यता में कमी आएगी। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।
जानें कहां कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर को तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे पारा 9 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तरी छोटानागपुर और मध्य झारखंड के जिलों में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिलेगी। चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार जैसे जिलों में तापमान 8 से 9 डिग्री तक जा सकता है। वहीं मध्य झारखंड के रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और गुमला में भी रातें अत्यंत ठंडी रहेंगी। पूर्वी झारखंड के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। गोड्डा में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि धनबाद, देवघर और दुमका जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
बच्चे और बुजुर्ग रहें सावधान
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत पर जोर दिया गया है। साथ ही, नागरिकों को कोहरे के समय वाहन चलाते हुए धीमी गति अपनाने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाने की सलाह दी गई है।

