Heavy Rain Alert: झारखंड के इन जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी, IMD का अलर्ट
Wednesday, Sep 24, 2025-09:13 AM (IST)

Jharkhand Weather: झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश हुई और कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इन जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट और रांची, बोकारो, गुमला, धनबाद, लोहरदगा, खूंटी, रामगढ़ जिलों के लिए ‘येलो' अलर्ट जारी किया है। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची और गुमला के लिए 24 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे से 25 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए तथा गुमला, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा के लिए 25 सितंबर को सुबह सुबह साढ़े बजे से 26 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए ‘येलो' अलर्ट जारी किया गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और दक्षिणी एवं मध्य हिस्सों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मौसम खराब है और झारखंड में 25 सितंबर को व्यापक बारिश होने की संभावना है।'' आनंद ने कहा कि 25 सितंबर के आसपास एक और नया निम्न दबाव बनने की संभावना है लेकिन झारखंड पर इसका ज्यादा असर पड़ने के आसार नहीं है। रांची में मंगलवार सुबह से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है और बुधवार को तेज बारिश होने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि एक जून से 23 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में पूर्वी राज्य में सामान्य 977.3 मिलीमीटर की तुलना में 1,156.3 मिलीमीटर वर्षा हुई। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में सर्वाधिक 54 प्रतिशत अधिशेष वर्षा दर्ज की गई जबकि सरायकेला-खरसावां में 51 प्रतिशत और रांची में 47 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश ने दुर्गा पूजा उत्सव में खलल डाल दिया है और पूजा समितियों का कहना है कि बारिश के कारण उन्होंने पहले ही पंडाल की तैयारियां टाल दी हैं।