Dumka Gangrape: पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार, घटना से पहले पीड़िता और उसके पति से मिले थे आरोपी

3/6/2024 11:35:43 AM

Dumka: झारखंड के दुमका (Dumka) जिले में स्पेन से भारत घूमने आई महिला के साथ गैंगरेप मामले में पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 3 आरोपियों को पुलिस पहले से ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, पुलिस की पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है।

बताया जा रहा है कि सभी आरोपी घटना से पहले पीड़िता और उसके पति से मिले थे। जब पीड़िता दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कोच्चि गांव में टेंट लगाने के पहले उस जगह की जांच-पड़ताल करने गई हुई थी तो इस दौरान सभी आरोपी वहीं मौजूद थे। उन्होंने पीड़िता और उसके पति को भरोसा दिलाया था कि यह जगह सुरक्षित है। यहां पर टेंट लगाया जा सकता है। उधर, स्पेनिश महिला और उसका पति अपनी आगे की जर्नी के लिए बीते मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच दुमका से रवाना हो गए हैं। वह दोनों बाइक से बिहार के भागलपुर की ओर रवाना हो गए।

जाने से पहले पीड़िता ने कहा, ''भारत के लोग अच्छे हैं, लेकिन मेरा आरोप सिर्फ दोषियों के लिए है। यहां की पुलिस ने अच्छा काम किया है। त्वरित कार्रवाई करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जीवन में घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन यह सफर जारी रहता है। मेरा सफर भी मेरे पहले से तय रूट पर जारी रहेगा।'' वहीं, बता दें कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने पीड़िता को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया है। डीसी ए.दोड्डे, एसपी पीताम्बर सिंह खैरवार और पीडीजे अनिल कुमार मिश्रा की मौजूदगी में मुआवजे का चेक पीड़िता के पति को सौंपा गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Recommended News

Related News

static