धनबाद में आज दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे कामरेड ए. के. राय की प्रतिमा का अनावरण
Sunday, Jun 15, 2025-12:35 PM (IST)

रांची: झारखंड के मजदूर नेता, पूर्व सांसद और वामपंथी आंदोलन के प्रतीक कामरेड ए. के. राय की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम 15 जून को धनबाद हॉस्पिटल गेट पर आयोजित किया जाएगा। भाकपा माले के पोलित ब्यौर सदस्य हलधर महतो ने बताया कि यह अनावरण भाकपा (माले) के महासचिव कामरेड दीपांकर भट्टाचार्य और पोलित ब्यूरो सदस्य एवं पूर्व विधायक आनंद महतो के हाथों संपन्न होगा। इसके साथ ही भाकपा माले के पोलित ब्यौर मेंबर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, विधायक अरूप चटर्जी, चंद्रदेव महतो, राजकुमार यादव सहित अन्य लोग शामिल होंगे।
हलधर महतो ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मूर्ति अनावरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड में मजदूरों के संघर्ष, वामपंथी राजनीति और सामाजिक न्याय की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है। ए. के. राय जैसे नेता जिन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड के कोयला क्षेत्र, कारखानों, विस्थापितों और खेतिहर मजदूरों के हक की लड़ाई को समर्पित किया, आज भी श्रमिक वर्ग के लिए प्रेरणा हैं। इस मौके पर भाकपा (माले) झारखंड राज्य कमिटी द्वारा 15 जून से 5 जुलाई तक ‘मजदूर संघर्ष संदेश यात्रा' का भी आरंभ किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य द्वारा किया जाएगा। महतो ने बताया कि यह यात्रा झारखंड के प्रमुख मजदूर क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए श्रमिकों से संवाद करेगी और उनके अधिकारों के सवालों को केंद्र में लाएगी। चार श्रम कोड को वापस लेने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, विस्थापितों को नौकरी और पूर्ण आवास की गारंटी करने, सरकारी व सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण पर रोक लगाने, मजदूरी की सुरक्षा की गारंटी, काम के घंटे कम करने व सुविधा की बहाली और खतरनाक कार्यस्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी अहम मांगों को लेकर यह यात्रा चलायी जाएगी।
इस यात्रा की टीम में झारखंड के मजदूर नेता एवं भाकपा माले पोलित ब्यौर सदस्य हलधर महतो, केंद्रीय कमेटी सदस्य, आर डी मांझी, निताई महतो एवं राज्य कमिटी के सदस्य अगम राम, मनोरंजन मालिक, कृष्णा सिंह, देवदीप सिंह दिवाकर, विकाश सिंह, बसंत कुमार, धनेश्वर तूरी, कार्तिक प्रसाद हाड़ी, वृंदा पासवान सहित दर्जनों लोगों की टीम रहेगी। भाकपा (माले) का मानना है कि मौजूदा सरकार द्वारा श्रम कानूनों को खत्म कर मजदूरों के अधिकारों को छीना जा रहा है। निजीकरण, ठेका प्रथा और न्यूनतम वेतन तक न मिलने की स्थिति ने मजदूरों की जिंदगी को और बदतर बना दिया है। स्थानीय लोगों को रोजगार देने के बजाए विस्थापित कर रही हैं और पुनर्वास और सम्मानजनक रोजगार से बेदखल कर रही है। इसी के खिलाफ यह यात्रा एक जन आंदोलन की शुरुआत है। इस यात्रा में पार्टी के केंद्रीय समिति, राज्य कमेटी और जिला कमेटी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। यह यात्रा गोविंदपुर, बेलियापुर, सिंदरी, निरसा, झरिया, धनबाद, बाघमारा, बोकारो, चंद्रपुर, बेरमो, गोमिया, बोकारो थर्मल,चास, चंदनकियारी होते हुए हजारीबाग और रामगढ़, गिरिडीह सहित झारखंड के श्रमिक क्षेत्रों में पहुंचेगी।