दुमका प्रमंडल को कई योजनाओं की सौगात देंगे CM चंपई, जरूरतमंदों के बीच बांटेंगे करोड़ों की परिसंपत्तियां

7/2/2024 11:25:41 AM


दुमकाः मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज यानि मंगलवार को उपराजधानी दुमका पहुंच रहे हैं। यहां वे दुमका के पुलिस लाइन मैदान में पूरे प्रमंडल को कई योजनाओं की सौगात देंगे, जिसमें भवन, सड़क, सिंचाई से संबंधित योजनाएं, होस्टल, कोल्ड स्टोरेज, पुल-पुलिया जैसी योजनाएं शामिल होंगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री चंपई सोरेन जरूरतमंदों के बीच करोड़ों की परिसंपत्तियों को बांटेगे। इसके अलावा 25 हजार से अधिक महिलाओं के बीच लगभग 24 करोड़ रुपये का ऋण भी बांटेंगे ताकि वह स्वरोजगार कर आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बन सके। बता दें कि मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से 12.30 बजे दुमका हवाई अड्डा पहुंचेंगे एवं सड़क मार्ग से फूलो झानो चौक पहुंचकर वहां रिंग रोड के फोर लेन कार्य का उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। समारोह में राज्य सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक बसंत सोरेन के अलावा दुमका सांसद नलिन सोरेन और इस क्षेत्र के कई विधायक मौजूद रहेंगे। वहीं महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद 2.55 बजे मुख्यमंत्री रांची रवाना हो जाएंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static