Bokaro News... हत्या के आरोप में कोर्ट का बड़ा फैसला, 7 लोगों को सुनाई आजीवन कारावास की सजा
Tuesday, Jul 22, 2025-04:16 PM (IST)

बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले की एक अदालत ने हत्या के एक मामले में 7 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनायी। बोकारो के अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सह विशेष न्यायाधीश दीपक बरनवाल की अदालत ने सुरेश मुर्मू हत्याकांड में खुशवंत सिंह, राहुल कुमार, चरणदास महतो, मंतोष रंजन, रितेश कुमार, अभय कुमार और लालू महतो को आजीवन कारावास की सजा सुनायी है।
अदालत ने सभी दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विशेष लोक अभियोजक राकेश कुमार राय ने बताया कि 25 मई 2023 को पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में आरोपी सुरेश मुर्मू की जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे थे। सुरेश मुर्मू, धनंजय मुर्मू, बाबूलाल मांझी, दिनेश मांझी, बाहा मुनी, देवी, कुंती देवी ने इसका विरोध किया।
विरोध करने पर आरोपियों ने इन सभी लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। सुरेश मुर्मू की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। इसी मामले में अदालत ने यह सजा सुनायी है।