कांग्रेस भवन Ranchi में लगा जनता दरबार, मंत्री इरफान अंसारी ने सुनीं लोगों की समस्याएं; अधिकारियों को दिए निर्देश
Tuesday, Jul 22, 2025-11:54 AM (IST)

रांची: झारखंड में जन समस्याओं के समाधान के लिए बीते सोमवार को कांग्रेस भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने लोगों की समस्याओं को सुना।
डाॅ. इरफान अंसारी के समक्ष कुल 123 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा
जनता दरबार में बारी-बारी से क्रमवार डा. इरफान अंसारी के समक्ष कुल 123 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा जिस पर उन्होंने तत्काल पहल करते हुए अधिकारियों से समाधान का रास्ता निकालने को कहा। अपने सहयोगियों के साथ उनसे मिलने पहुंचे सिल्ली के घनश्याम मुंडा ने बताया कि राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने एक साल पहले सिल्ली के लोगों के लिए गूंज संस्था को 43 लाख रुपये का एम्बुलेंस दिया था, लेकिन तब से वह गायब है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से एम्बुलेंस ढूंढने का अनुरोध किया। इससे पहले हलीमा परवीन और उनकी मां नजमा परवीन ने मेनिया सम्मान की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल उपायुक्त से इस मामले का समाधान करने का अनुरोध किया। हजारीबाग के पदमा से आए भूमिहीन शंभू रविदास ने शिकायत की कि उन्हें भूदान में जमीन मिली थी, जिस पर मेहता समुदाय के लोगों ने कब्जा कर लिया है। उनके अनुसार, वह इस भूखंड पर घर बना रहे थे, जिसे तोड़ दिया गया। इस मामले में डॉ. इरफान अंसारी ने उपायुक्त से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा जनता दरबार में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, आपूर्ति विभाग, राशन कार्ड, स्थानांतरण, जमीन संबंधी मामलों के साथ-साथ विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष पहुंचीं। डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को सीधे निर्देश दिए और कई समस्याओं के समाधान के लिए प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। डॉ इरफान अंसारी ने मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने जानकारी देते हुए बताया कि जनता दरबार प्रारंभ होने के पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिवस के अवसर पर डॉक्टर इरफान अंसारी सहित नेताओं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके लंबे आयु की कामना की।