झारखंड में अरवा राजकमल बने खान निदेशक, IAS के 14 अधिकारियों का स्थानांतरण और पदस्थापन
Tuesday, Aug 22, 2023-08:48 AM (IST)

रांचीः झारखंड सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 14 अधिकारियों का स्थानांतरण और पदस्थापन किया है। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत अरवा राजकमल को खान निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें उद्योग विभाग में निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसे लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई।
अधिसूचना के अनुसार खान निदेशक अमित कुमार को नगर आयुक्त रांची नगर निगम बनाया गया है। इसके अलावा वे रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार के उपाध्यक्ष के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। गोड्डा के उपविकास आयुक्त संजय सिन्हा को कृषि निदेशक और अपर सचिव स्वास्थ्य शशि प्रकाश झा को निदेशक समाज कल्याण बनाया गया है। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत संदीप सिंह को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसायटी, जेएसएलपीएस में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निदेशक समाज कल्याण भुवनेश प्रताप सिंह को जैप आईटी का सीईओ और संयुक्त सचिव ग्रामीण विकास घोलप रमेश गोरख को संयुक्त सचिव वित्त विभाग बनाया गया है। अपर सचिव कल्याण विभाग अजय नाथ झा को आदिवासी कल्याण आयुक्त के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं सीईओ जेएसएलपीएस सूरज कुमार को निबंधक सहयोग समितियां के पद पर पदस्थापित किया गया है। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत सुशांत गौरव को खेलकूद निदेशक, फैज अक अहमद को उत्पाद आयुक्त और भोर सिंह यादव को वाणिज्य कर आयुक्त का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा माधवी मिश्रा को प्रबंध निदेशक झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम बनाया गया है। वहीं आदित्य रंजन को निदेशक पशुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।