झारखंड में प्रदेश स्तरीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया चलाई जाएगी: केशव महतो कमलेश

Sunday, Nov 16, 2025-04:57 PM (IST)

रांची: कांग्रेस प्रवक्ताओं के चयन के लिए नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम पूरे देश में चलाया जा रहा है और झारखंड में भी इसकी शुरूआत जल्द होगी। देश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

पूरे झारखंड को 7 जोन में बांटा गया
केशव महतो कमलेश ने कहा कि एआईसीसी द्वारा टैलेंट हंट के माध्यम से झारखंड में प्रदेश स्तरीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रवक्ताओं की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया चलाई जाएगी। पूरे झारखंड को इसके लिए 7 जोन में बांटा गया है जिसमें पहला पलामू दूसरा कोल्हान तीसरे जोन में देवघर दुमका जामताड़ा चौथे जोन में साहेबगंज गोड्डा पाकुड़ पांचवें जोन में रामगढ़, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, छठे जोन में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह एवं सातवें जोन में दक्षिणी छोटा नागपुर के जिले होंगे। इस पूरी प्रक्रिया में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, वैचारिक प्रतिबद्धता रखने वाले, राजनीतिक जागरूकता,स्पष्ट सोच, त्वरित प्रतिक्रिया देने, शुद्ध भाषा और संचार कौशल, इतिहास का समुचित ज्ञान, मीडिया में सहज उपस्थिति, मीडिया के माध्यम से जनता तक अपनी बातों को तथ्यों के साथ रखने वालों का चुनाव क्षेत्रीय एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। संगठन सृजन के तहत चल रहे कार्यक्रम के अंतर्गत इस सांगठनिक प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा।

"लोगों का भरोसा चुनाव की पारदर्शिता से उठने लगा है"
कमलेश ने कहा कि टैलेंट हंट के लिए उड़ीसा, बिहार, झारखंड, बंगाल के लिए नियुक्त प्रभारी एआईसीसी के प्रवक्ता अतुल लोधे पाटिल ने कहा कि यह कार्यक्रम ऐसी प्रतिभा की खोज करना है जो अपने देश के संविधान, प्रस्तावना संस्कृति और राजनीति की समझ रखता हो। पिछले काफी समय से कई ऐसे लोग हैं जो अपने विचारों को देश के साथ साझा करना चाहते हैं उन्हें यह मंच प्रदान किया जा रहा है। संगठन में आने का माध्यम कोई नेता ना हो बल्कि प्रतिभाशाली लोगों से सीधा संवाद कर संगठन में लाने का माध्यम इस कार्यक्रम को बनाया गया है। प्रतिभाओं की खोज के लिए पूरे देश को 6 जोन में बांटा गया है। हम हर उस व्यक्ति से जुड़ने की कोशिश करेंगे जो कांग्रेस से जुड़ना चाहता है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी जिसमें एनजीओ, सिविल सोसाइटी, मीडिया जगत से जुड़े लोग भी इस प्रक्रिया से जुड़े होंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके केंद्र सरकार और भाजपा मीडिया और खासकर सोशल मीडिया को नियंत्रित करने का प्रयास करती है। गठबंधन आज के समय में लोकतंत्र को बचाने का प्रयास करने वाले दलों की एकजुटता है। कमलेश ने कहा कि चुनाव में भाजपा साम दाम दंड भेद सभी का इस्तेमाल कर गैर वैधानिक तरीके से चुनाव जीतती है। चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर आज सवाल खड़ा है। लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं को स्थिर कर दिया गया है, लोगों का भरोसा चुनाव की पारदर्शिता से उठने लगा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static