लंगूर के हमले में स्कूली छात्र सहित 20 लोग घायल, आक्रोशित लोगों ने लंगूर को पकड़कर पीट डाला

Sunday, Jul 27, 2025-06:33 PM (IST)

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में रविवार को बचाव अभियान के दौरान एक लंगूर को कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने लाठियों से पीटा। यह लंगूर पूर्व में कम से कम 20 लोगों को घायल कर चुका है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वन विभाग हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। बोकारो के मंडल वन अधिकारी (डीएफओ) रजनीश कुमार ने बताया, “हम लंगूर की पिटाई करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने जा रहे हैं। लोगों की पहचान की जा रही है।” उन्होंने बताया कि लंगूर ने पिछले 15 दिनों से बोकारो स्टील सिटी में आतंक फैला रखा है जिससे स्कूली छात्रों सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा, “लोगों में लंगूर के प्रति गुस्सा था। बचाव अभियान के लिए वन विभाग से संपर्क किया गया था, इसलिए हमने पिछले चार दिनों से लंगूर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। फिर हमने रांची से एक बचाव दल बुलाया।” उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान वन विभाग के एक कर्मचारी ने लंगूर को पकड़ लिया।

कुमार ने कहा, “इसके बाद कुछ लोगों ने अचानक लंगूर को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। हमने किसी तरह लंगूर को बचाया और बोकारो चिड़ियाघर ले गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर के डॉक्टरों के अनुसार जानवर की हालत स्थिर बताई गई है। कुमार ने कहा कि वह लोगों के गुस्से को समझते हैं, लेकिन उन्हें जानवर को इस तरह पीटने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “हम लोगों की पहचान कर रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static