अंधविश्वास के जाल में फंसी महिला, तांत्रिक ने बनाया हवस का शिकार?

Wednesday, Feb 19, 2025-06:04 PM (IST)

अमरपुर: बिहार के अमरपुर थाना क्षेत्र में एक तांत्रिक पर अधेड़ महिला से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। महिला का कहना है कि वह बीमार पति के इलाज के लिए झाड़-फूंक कराने आई थी, लेकिन तांत्रिक ने उसे तंत्र क्रिया के बहाने खेतों में ले जाकर कथित रूप से दुष्कर्म किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तांत्रिक की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। घायल तांत्रिक का इलाज भागलपुर में चल रहा है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

झाड़-फूंक के बहाने खेत में ले गया तांत्रिक

महिला के मुताबिक, उसका पति एक साल से बीमार था। इलाज के लिए वह अपनी ननद के घर आई थी, जहां समधिन ने झाड़-फूंक के लिए तांत्रिक मुकेश कुमार मंडल को बुलाया। सोमवार रात करीब 11 बजे, तांत्रिक महिला और उसकी समधिन को लेकर खेतों में पहुंचा। उसने समधिन को एक घेरे में बैठने का निर्देश दिया और डराया कि अगर वह बाहर निकली, तो भूत-प्रेत पकड़ लेंगे। इसके बाद तांत्रिक महिला को अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद महिला बदहवास हालत में लौटी और उसने बताया कि तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।

गुस्साए ग्रामीणों ने तांत्रिक की कर दी धुनाई

पीड़िता की बात सुनते ही गांव के लोग भड़क उठे। उन्होंने तांत्रिक को पकड़कर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तांत्रिक को ग्रामीणों से छुड़ाकर अस्पताल भिजवाया।

तांत्रिक बोला- महिला ने छीने पैसे, लगाया झूठा आरोप

भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती तांत्रिक ने अपने बचाव में कहा कि महिला ने उसके 18 हजार रुपये छीन लिए और झूठा आरोप लगा रही है। तांत्रिक का दावा है कि उसे सिर्फ तंत्र क्रिया के लिए बुलाया गया था। इस मामले में अमरपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि महिला को थाने लाया गया है और बयान दर्ज किया जा रहा है। घायल तांत्रिक का इलाज भागलपुर में चल रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर आगे की कार्रवाई करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static