सड़क पर मौत का तांडव, गन्ना लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा; मंजर देख लोगों के उड़े होश
Friday, Feb 13, 2026-04:24 PM (IST)
Bihar Road Accident News : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक भीषण सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और गांव में शोक का माहौल है।
गन्ना लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मटियरीया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम की है। मृतक की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के शिवपुर कॉलोनी निवासी जगो बारिकदार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान मेहनौल चौक के पास गन्ना लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक और भीषण था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सड़क पर बिखरे खून और क्षत-विक्षत शव को देखकर हर राहगीर की रूह कांप उठी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
सूचना मिलते ही मटियरीया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

