हादसा या साजिश? कोचिंग की छत से गिरकर छात्रा की मौत, अंतिम संस्कार से ठीक पहले शरीर पर देखे ''वो'' निशान, तो उड़े होश...
Friday, Feb 13, 2026-01:57 PM (IST)
Patna Girl Student Death : बिहार की राजधानी के फुलवारी शरीफ इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एम्स गोलंबर के पास स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली 12वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं सामने आए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज ने मामले को और भी उलझा दिया है।
CCTV फुटेज से गहराया मौत का रहस्य
मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। सीसीटीवी वीडियो से खुलासा हुआ है कि छात्रा के चौथी मंजिल से गिरने से कुछ ही समय पहले दो युवक सीढ़ियों के रास्ते ऊपर जाते दिख रहे हैं। छात्रा के गिरने के तुरंत बाद, तीन से चार लड़के तेजी से सीढ़ियों से नीचे उतरते हुए भी नजर आए।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिजनों के अनुसार छात्रा गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। उन्होनें ने बताया कि कुछ ही देर बाद उन्हें कोचिंग संस्थान से फोन आया था कि उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई है और उसे पटना एम्स (AIIMS) ले जाया गया है। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई प्रियांशु ने कहा कि शुरुआत में हमें लगा कि यह सामान्य दुर्घटना है और हम दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। लेकिन तभी हमने उसके शरीर पर गहरे चोट के निशान देखे, जिससे हमें का शक हुआ और हमने तुरंत पुलिस को सूचित किया।" मृतका के भाई का कहना है कि उसकी हत्या की गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही फुलवारी शरीफ के एसडीपीओ-1 सुशील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या छात्रा की छत से धक्का देकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

