11 महीने, 30 बार दुष्कर्म और फिर....BA की छात्रा के साथ जो हुआ होश उड़ा देगा
Thursday, Feb 12, 2026-01:40 PM (IST)
Bihar Crime : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। नौतन थाना क्षेत्र में बीए की एक छात्रा ने एक युवक पर डरा-धमकाकर 11 महीनों के भीतर 30 बार दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्य आरोपी सहित उसके परिवार के 7 सदस्यों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज की दोस्ती और डराकर शोषण
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि मुख्य आरोपी सनवर आलम उसके साथ कॉलेज में पढ़ता था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने छात्रा के घर आना-जाना शुरू किया। छात्रा का आरोप है कि पहली बार 10 अगस्त 2024 को आरोपी ने उसे डराया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज के डर से छात्रा उस वक्त चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा।
शादी का झांसा देकर मुकरा, पंचायत भी रही बेअसर
छात्रा के अनुसार, शोषण का यह सिलसिला 26 मई 2025 तक चला। जब छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी बात बताई, तो मामले को लेकर पंचायत बुलाई गई। पंचायत में आरोपी ने छात्रा से शादी करने की बात स्वीकार कर ली, लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के चरित्र को लेकर उसके दोस्तों और सगे-संबंधियों के बीच अभद्र बातें भी फैलाईं।
यह भी पढ़ें- जन्मदिन के दिन मिली मौत, केक लाने जा रहे 9 साल के मासूम को ट्रक ने रौंदा; परिवार में मचा कोहराम
इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सात लोगों को नामजद किया गया है। आरोपियों में शामिल हैं: सनवर आलम (मुख्य आरोपी), इस्माइल मियां, बबिया खातून, समीर आलम, सोनी खातून, खुशी कुमारी, नसीब आलम।
यह भी पढ़ें- 12 हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया जेई, भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत
"मां मुझे अफसर बनाना चाहती थी"
भावुक होकर पीड़िता ने बताया कि उसकी मां उसे पढ़ा-लिखाकर एक अफसर बनाना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से बर्बाद कर दिया। छात्रा का आरोप है कि जब भी उसकी मां कानूनी सलाह या किसी काम से घर से बाहर जाती, आरोपी उसे धमकाने पहुंच जाता था। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

