Accident News: इस नेशनल हाइवे पर दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत, 2 चालकों की मौत से मचा कोहराम; खौफनाक मंजर देख कांपी लोगों की रुह
Saturday, Feb 07, 2026-04:12 PM (IST)
Bihar Road Accident : बिहार में भागलपुर जिले में आज शनिवार को दो ट्रकों के बीच हुई टक्कर में दोनों चालकों की मौत हो गयी तथा एक उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे का भयावह मंजर देख लोगों की रुह कांप गई।
केबिन काट कर निकाले चालकों के शव
मिली जानकारी के अनुसार, घटना राष्ट्रीय उच्च मार्ग -31 पर नगरपाड़ा चौक के समीप की है। दोनों मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र निवासी पंकज राय (28) और बेगूसराय जिला निवासी दिवाकर कुमार यादव (26) के रूप में की गई है। गंभीर रुप से घायल उपचालक संचित कुमार को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मिर्जाचौकी से गिट्टी लादकर समस्तीपुर जा रहा ट्रक और खगड़िया से चावल लेकर आ रहा ट्रक आपस में टकरा गए थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के केबिन एक-दूसरे में धंस गए। मौके पर ही दोनों ट्रकों के चालकों की मौत हो गई। उपचालक बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

