शादी बनी ''अखाड़ा'': महज एक ''रसगुल्ले'' के लिए बारातियों ने चला दिए लात-घूंसे! CCTV में कैद हुआ बवाल
Friday, Feb 27, 2026-11:35 AM (IST)
Nawada News : बिहार के नवादा से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों के माहौल में एक छोटी सी बात ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। शादी समारोह के दौरान केवल 'रसगुल्ले' की कमी को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में बुरी तरह भिड़ गए। देखते ही देखते शादी का पंडाल जंग का मैदान बन गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, नवादा के एक होटल में शादी समारोह चल रहा था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी खाने के दौरान रसगुल्ले कम पड़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया। लड़की पक्ष के रोहित कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
CCTV में कैद हुई वारदात
यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे शादी की खुशियां चंद पलों में झगड़े में बदल गईं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं और शादी-ब्याह में इस तरह के व्यवहार पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होटल प्रबंधन ने भी सहयोग का आश्वासन देते हुए सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने की बात कही है।

