अजब प्रेम की गज़ब शादी! 18 साल की लड़की ने 2 बच्चों की मां संग रचाई शादी, रील्स बनाते-बनाते हुए प्यार
Wednesday, Apr 08, 2026-02:35 PM (IST)
बक्सर : बिहार के बक्सर ज़िले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। यहाँ 18 साल की लड़की ने 32 साल की महिला से शादी कर ली है, जो दो बच्चों की माँ है।
रील्स बनाते-बनाते हुए शुरु हुई प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, ज़िले के बागेन थाना क्षेत्र की है। यहाँ 18 साल की रूबी ने 32 साल की संध्या से शादी कर ली है, जो दो बच्चों की माँ है। रूबी और संध्या का रिश्ता सोशल मीडिया पर रील्स बनाते-बनाते शुरू हुआ। यह रिश्ता धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गया। इस रिश्ते की खास बात यह है कि रूबी ने खुद को 'पति' की भूमिका में स्वीकार किया है, जबकि संध्या ने 'पत्नी' की भूमिका अपनाई है। बताया जा रहा है कि इन दोनों ने इससे पहले 4 अप्रैल को विंध्याचल मंदिर में शादी कर ली थी। इसके बाद, 6 अप्रैल को रामरेखा घाट के पुराने मैरिज हॉल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एक बार फिर शादी की रस्में पूरी की गईं। जैसे ही इस अनोखी शादी की खबर फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
परिवार के लोग शादी से नाखुश
बातचीत के दौरान, दोनों महिलाओं ने बताया कि उनके परिवार वाले उनके इस फ़ैसले से बहुत नाराज़ हैं। इसके बावजूद, उन्होंने समाज और परिवार के विरोध को नज़रअंदाज़ करते हुए एक-दूसरे के साथ ज़िंदगी बिताने का फ़ैसला किया है। फ़िलहाल, यह शादी पूरे इलाक़े में सुर्ख़ियों में है।

