महज 7 हजार रुपए के लिया बेचा इमान, चाय की दुकान पर रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा दरोगा
Tuesday, Apr 07, 2026-03:17 PM (IST)
Bihar Crime Updates : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विजिलेंस अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी दारोगा एक जमीन विवाद की रिपोर्ट भेजने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत ले रहे थे।
चाय की दुकान पर घूस लेते दबोचा
विजिलेंस टीम के नेतृत्व कर रहे DSP आसिफ इकबाल ने बताया कि आरोपी SI ने शिकायतकर्ता वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा को पैसे लेकर थाने के पास स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाया था। विजिलेंस की टीम पहले से ही वहां सादे कपड़ों में ग्राहकों के रूप में बैठी थी। जैसे ही अनिल सिंह ने 7,000 रुपये रिश्वत ली, टीम ने उन्हें दबोच लिया।
क्या था मामला?
शिकायतकर्ता वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा की जमीन का मामला अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) की अदालत में चल रहा था। SDO ने पुरैनी थाने से जांच रिपोर्ट मांगी थी। इस मामले के आईओ (IO) अनिल कुमार सिंह थे। आरोप है कि उन्होंने रिपोर्ट देने के लिए 10,000 रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत 20 मार्च को पटना विजिलेंस मुख्यालय में की थी। फिलहाल दरोगा को हिरासत में लेकर विजिलेंस की टीम आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

