Bihar Weather Update: दुर्गा पूजा से पहले बदला मौसम की मिजाज, अगले 3 दिन तक बारिश होगी या खिलेगी धूप?...जानिए अपने शहर हाल
Sunday, Sep 21, 2025-03:55 PM (IST)

Bihar Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों से मानसून की विदाई हो जाएगी। इस बीच बिहार और उत्तर प्रदेश के ऊपर वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे उत्तर- दक्षिण टर्फ लाइन बनी हुई है।
इसके चलते बिहार के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों विशेषकर पटना में, हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार तट पर बना चक्रवाती परिसंचरण 22 सितंबर तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसके अलावा 25 सितंबर के आसपास म्यांमार- बांग्लादेश तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो सकता है।
अगर यह निम्न दबाव क्षेत्र मजबूत होता है तो दुर्गापूजा के समय बिहार में अच्छी बारिश हो सकती है। फिलहाल राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। आगामी तीन दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना बेहद कम है।