Bihar Politics: "बजट पर नसीहत देने की बजाए 15 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब दें तेजस्वी", उमेश कुशवाहा का हमला
Sunday, Mar 02, 2025-06:59 PM (IST)

Bihar Politics: बिहार जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बजट (Budget) पर नसीहत देने के बजाए वह अपने माता-पिता के 15 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब दें।
RJD ने सत्ता में रहते हुए केवल सरकारी खजाने पर डाका डाला- Umesh Kushwaha
कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने रविवार को कहा कि वर्ष 2005 में बिहार का बजट महज 23 हजार करोड़ रुपये का था, लेकिन आज वही बजट का आकार करीब तीन लाख करोड़ रुपये का हो चुका है। उन्होंने कहा कि बजट पर नसीहत देने के बजाए तेजस्वी को अपने माता-पिता के 15 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सत्ता में रहते हुए केवल सरकारी खजाने पर डाका डाला। बिहार को आर्थिक रूप से पीछे धकेलने और कमजोर करने में राजद (RJD) की सबसे बड़ी भूमिका रही है। जदयू अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में बिहार सरकार बेटियों के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए विभिन्न चरणों में 94 हजार रुपए से अधिक की प्रोत्साहन राशि देती है। साथ ही उद्योग स्थापित करने के लिए महिलाओं को 10 लाख लोन मिलता है, जिसमें पांच लाख माफ और बाकी पांच लाख रुपये पर कोई ब्याज नहीं है लेकिन तेजस्वी महज 2,500 रुपये का झूठा झांसा देकर महिलाओं को बरगलाने में लगे हैं।
15 वर्षों के शासनकाल में राजद ने...- Umesh Kushwaha
उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने कहा कि वर्ष 2005 तक बिहार में बिजली उपभोक्ताओं (Electricity Consumers) की संख्या महज 17 लाख थी। जो कि आज बढ़कर दो करोड़ सात लाख से अधिक हो गई है। प्रति व्यक्ति बिजली की खपत भी 70 यूनिट से बढ़कर अब 360 यूनिट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में यह रिकॉर्ड वृद्धि हमारे नेता नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। वहीं, 15 वर्षों के शासनकाल में राजद ने कभी गरीबों के घर तक बिजली पहुंचाने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
'नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई और ऊंची उड़ान भर रहा"
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमारा बिहार विकास की नई और ऊंची उड़ान भर रहा है। सात निश्चय भाग 1 और 2 के माध्यम से नीतीश कुमार ने बिहार की सूरत बदली है। सड़क, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। 19 वर्षों के शासनकाल में हमारे नेता ने हर-घर तक पीने का शुद्ध पानी पहुंचाया, हरेक गांव में नली-गली और हरेक घर में शौचालय का निर्माण कराया है।