सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए बक्सर से चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें शेड्यूल
Tuesday, Jun 16, 2026-05:53 PM (IST)
Bihar News: मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने बुधवार को बक्सर से दो विशेष रेलगाडियों के संचालन की व्यवस्था की है। रेलवे यातायात निरीक्षक विंध्याचल पांडेय के अनुसार, 17 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पहली विशेष रेलगाड़ी दोपहर 1:30 बजे बक्सर स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना होगी।
वहीं दूसरी विशेष रेलगाड़ी शाम 6:00 बजे बक्सर से पटना जंक्शन के लिए संचालित की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों एवं आम यात्रियों से अपील की है कि वह इन विशेष रेलगाडियों का लाभ उठाएं और यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित समय से पहले स्टेशन पर पहुंचें। रेल यातायात निरीक्षक ने बताया कि कल परीक्षा के दिन बक्सर रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए स्पेशल सहायता केंद्र कार्यरत रहेगा।
आर पी एफ के अधिकारी और सुरक्षा बल के साथ जी आर पी के जवान मुस्तैद रहेंगे। रेलवे के अधिकारी भी भीड़ प्रबंधन के लिए मौजूद रहेंगे, इस दौरान माइक के जरिए आवश्यक निर्देश प्रसारित किए जाएंगे और परीक्षार्थियों को आने और सुरक्षित जाने के लिए रेलवे की ओर से समुचित तैयारियां की गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के मद्देनजर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

