नीतीश कैबिनेट की बैठक में कुल 35 एजेंडो पर लगी मुहर, किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी
Wednesday, Jul 26, 2023-11:43 AM (IST)

पटना (अभिषेक कुमार सिंह): मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार कैबिनेट की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें कुल 35 एजेंडों पर मुहर लगी है। विस्तार पूर्वक जानकारी बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने दी है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार किसानों को डीजल अनुदान देगी। 100 करोड़ रुपए की एडवांस निकासी पर मुहर लगाई गई है।
बच्चों को मिलेगी भूनी मूंगफली
आमिर सुबहानी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023 -24 में स्वीकृत 50 करोड़ रुपए के अतिरिक्त यह राशि जारी की गई है, बिहार सूखे की ओर बढ़ रहा है, फसलों की सिंचाई के लिए यह राशि जारी की गई है। मनोनयन के आधार पर सरकारी हॉस्पिटल में मरीजों और उनके परिजनों के लिए शौचालय और स्नानघर उपलब्ध किया गया है। बिहार का सूचना आयोग और सशक्त होगा। आयोग में विभिन्न तरह के कुल 5 पदों का सृजन किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषाहार योजना में सप्ताह के 2 दिन बुधवार और शुक्रवार को अंडा उपलब्ध कराया जाएगा। अंडा नहीं खाने वाले बच्चों को भूनी मूंगफली दिया जाएगा। इसके लिए 216 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत दी। वहीं बख्तियारपुर ताजपुर गंगा फोर लेन गंगा पुल के लिए 131 करोड़ रुपए स्वीकृति की गई है। केंद्र सरकार से राशि नहीं मिलने के कारण एडवांस में राशि स्वीकृत की गई। कुल 935 करोड़ रुपए के खर्च से यह ब्रिज बन रहा है।
गाड़ियों के स्क्रैप पॉलिसी में बदलाव
कृषि रोड़ मैप के चौथे संस्करण के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 में 119 करोड़ रुपए निकासी और खर्च पर मुहर लगी है। बिहार सरकार ने गाड़ियों के स्क्रैप पॉलिसी में बदलाव किया है, 15 साल से अधिक गाड़ियों को स्क्रैप किए जाने के लिए गाड़ी पर पूर्व की लंबित देनदारी और मोटर वाहन कर, हरित कर और फीस में एक मुश्त छूट दी गई। बिहार नगरपालिका लिपिक संवर्ग नियुक्ति एवं शर्त में संशोधन किया गया है, नगर निगम और नगर परिषद में अनुकंपा के आधार पर कलर्क बनेंगे, नए नियमावली के तहत 18 साल के आयु वाले आवेदन कर सकेंगे, पूर्व में आयु सीमा 21 वर्ष थी। तीन डॉक्टर बर्खास्त किए गए हैं, गोपालगंज के सिंघवलिया प्राथमिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह सेवा से बर्खास्त किए गए हैं, कटिहार सदर अस्पताल रेडियोलॉजी विशेष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रवि कुमार और गोपालगंज रेफरल हॉस्पिटल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आनंद कुमार सुल्तानिया सेवा से बर्खास्त किए गए हैं। बर्खास्तगी पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है। ये सभी पिछले कई सालों से बिना बताए गैर हाजिर थे।
संस्कृत और मदरसा बोर्ड के शिक्षकों को मिलेगा एरियर
बिहार सरकार के आयोग व बोर्ड के अध्यक्ष और सदस्यों को बीपीएससी के अध्यक्ष और सदस्य के बराबर मानदेय मिलेगा। मानदेय संशोधन पर कैबिनेट ने मुहर लगाई है। बिहार में 3 हजार नए प्राइवेट ट्यूबल लगेंगे। 222 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। राशि स्वीकृति और नए नल कूप लगाए जाने के प्रस्ताव पर हरी झंडी मिलेगी। संस्कृत और मदरसा बोर्ड के शिक्षकों को एरियर मिलेगा। पांचवे वेतनाम्न का लाभ 12 अप्रैल 1999 के बदले 1 अप्रैल 1989 के प्रभाव से मिलेगा। छठे वेतनमान का लाभ 1 अप्रैल 2007 के प्रभाव से मिलेगा। एरियर दिए जाने पर कैबिनेट की मुहर लगी है। आरा नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव से निपटने के लिए 77 करोड़ 81 लाख रुपए बुडको के द्वारा खर्च किया जाएगा। समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र से जल निकासी और जलन सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए 48 करोड़ 25 लाख की राशि बुडको के द्वारा खर्च किए जाएंगे।