दो डिसमिल जमीन को लेकर हुआ विवाद, ईंट से हमले में 3 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत
Sunday, Sep 20, 2026-05:53 PM (IST)
शिवहर: बिहार में शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड संख्या-7 में दो डिसमिल जमीन को लेकर हुए विवाद के दौरान ईंट से हमले में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बराही निवासी दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में दीनबंधु कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद घर लौटने पर विपक्षी पक्ष की महिला रेणु देवी ने उनकी तीन वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को शिवहर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। तरियानी के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जमीन विवाद और बच्ची पर हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

