अब तेजस्वी यादव संभालेंगे RJD की कमान, बनाए गए पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
Sunday, Jan 25, 2026-02:03 PM (IST)
Tejaswi Yadav: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Yadav) को रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति (एनईसी) की बैठक में सर्वसम्मति से राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है। यहां आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में आज तेजस्वी यादव को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया।
कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया। राजद के प्रदेश महासचिव अरुण कुमार ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की खराब स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह निर्णय आवश्यक था।
अरुण कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से पार्टी और मजबूत होगी, साथ ही अब संगठनात्मक मुद्दों पर फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की खराब सेहत के कारण पहले कुछ निर्णयों में देरी हो जाती थी। इस अवसर पर यादव के पिता और पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राज्यसभा सांसद मीसा भारती, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल सहित कई शीर्ष नेता मौजूद थे। इधर, तेजस्वी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा, 'गिरोह-ए-घुसपैठ की कठपुतली बने शहजादे को ताजपोशी मुबारक...।'

