"सौ-सौ चूहे खाने वाली पार्टियां दिल्ली जाकर बन रही हैं हाजी", इंडी गठबंधन की रैली पर बोले सुशील मोदी

4/1/2024 10:32:59 AM

पटना: पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली पर कहा कि यह सौ-सौ चूहे खाकर हज करने वालों का मेला था। जिस कांग्रेस ने 60 साल में 100से अधिक निर्वाचित राज्य सरकारें बर्खास्त कीं और देश पर आपातकाल थोपा, उसके नेता लोकतंत्र बचाने की गुहार लगा रहे हैं। 

"कांग्रेस को 1600 करोड़ कहां से मिले?"
सुशील मोदी ने कहा कि घोटालों के आरोप में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए दिल्ली सरकार के मंत्री हों या उनके नेता केजरीवाल, किसी को देश की किसी अदालत से राहत नहीं मिली। विपक्ष बताए कि क्या उसे न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी बांड और खाता सीज होने के मामले पर भी दुष्प्रचार कर रही है। वे बताएं कि कांग्रेस को 1600 करोड़ कहां से मिले? 

"इंडी गठबंधन के सभी दलों में आंतरिक लोकतंत्र समाप्त हो चुका" 
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, राजद, सपा सहित गठबंधन के सभी दलों में आंतरिक लोकतंत्र समाप्त हो चुका है, लेकिन ये लोकतंत्र बचाने के नाम पर जनता को भ्रमित करने में लगे हैं। राजद में 26 साल से केवल लालू प्रसाद अध्यक्ष हैं और कांग्रेस गांधी परिवार रबर स्टाम्प-अध्यक्ष से काम चला रहा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन और इसकी रैली का असली मकसद लोकतंत्र नहीं, परिवारवादी राजनीति का भ्रष्टाचार बचाना है। लोकतंत्र और यह देश तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरी तरह सुरक्षित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static