जेल में बंदी की मौत से भड़के लोगों ने पुलिस पर किया पथराव, हमले में 6 पुलिसकर्मी घायल

Thursday, Sep 01, 2022-02:22 PM (IST)

नवादाः बिहार में नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि पिछले शुक्रवार को काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव निवासी विजय मांझी को पुलिस ने शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन मंगलवार को विजय का शव एक पेड़ में फंदे से लटका मिला। बुधवार की रात पुलिस पोस्टमाटर्म के बाद विजय मांझी के शव को परिवार को सुपुर्द करने गई थी, तभी उग्र ग्रामीणों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए पथराव कर दिया। 

12 लोगों को किया गया गिरफ्तार 
इस घटना में शाहपुर पुलिस आउट पोस्ट में पदस्थापित एसआई रविकांत उपाध्याय और काशीचक थाना में पदस्थापित एएसआई दुर्गा प्रसाद के अलावा चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एसआई रविकांत उपाध्याय को पावापुरी विम्स हॉस्पिटल रेफर कर दिया है। पथराव के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

उग्र लोगों ने किया सड़क जाम 
ग्रामीणों की गिरफ्तारी और जेल में बंदी की मौत के जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए उग्र लोगों ने एम्बुलेंस पर शव को रखकर सरकट्टी- काशीचक पथ को जाम कर दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static