"महागठबंधन सरकार में बद से बदतर हो गई स्वास्थ्य सेवाएं", सुशील मोदी ने तेजस्वी पर बोला हमला

Saturday, Nov 19, 2022-12:24 PM (IST)

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार को कहा कि महागठबंधन सरकार में जन-कल्याण से सीधे जुड़े स्वास्थ्य विभाग की हालत बद से बदतर हो गई है।

"तेजस्वी के पास फुर्सत नहीं"
सुशील मोदी ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को स्वास्थ्य समेत छह प्रमुख विभागों का मंत्री बना दिया है। वे किसी विभाग को वक्त नहीं दे पा रहे हैं। उनके पास फुर्सत नहीं है और तकलीफ जनता को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव न 60 दिन में जिला अस्पतालों को सुधार पाए और न उन 705 डॉक्टरों पर ही कोई कार्रवाई हुई, जिन्हें कई साल से 'गायब' बताया गया है।

"भगवान भरोसे छोड़ दिए गए मरीज"
भाजपा सांसद ने सवाल किया कि सरकारी अस्पतालों से गायब डॉक्टरों को अब तक वेतन कैसे मिल रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से यह भी पूछा कि सभी राशनकार्डधारी मरीजों को पांच लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त देने की जो घोषणा की गई थी, उसका क्या हुआ। मोदी ने कहा कि जब डेंगू का प्रकोप चरम पर था तब तेजस्वी यादव ने औचक निरीक्षण कर एक डॉक्टर को सस्पेंड किया था लेकिन उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा तक नहीं की। अब मरीज भगवान भरोसे छोड़ दिए गए हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि खगड़िया में बिना एनेस्थीसिया दिए महिला का बन्ध्याकरण ऑपरेशन किया जाना स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनहीनता और दुर्दशा, दोनों की गंभीरता बताने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों में दवा, जांच, डॉक्टर की उपलब्धता जैसी बुनियादी सुविधाओं को दो माह में ठीक करने का वादा हवा-हवाई ही साबित हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static