चारा घोटाला मामला: CBI ने विशेष अदालत में 89वें गवाह का बयान करवाया कलमबंद

3/28/2024 9:37:53 AM

पटना: बिहार के बहुचर्चित करोड़ो रुपए के चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विशेष अदालत में अपने 89वें गवाह का बयान कलमबंद करवाया।

चारा घोटाला मामलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत के न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में सीबीआई ने 89वें गवाह के रूप में बिहार विधानसभा के एक पूर्व अधिकारी फूल झा को पेश किया था। गवाह का मुख्य परीक्षण पूरा हुआ और बचाव पक्ष के द्वारा प्रति परीक्षण किया गया। अदालत ने सुनवाई के लिए 03 अप्रैल 2024 की अगली तिथि निश्चित की है।

मामला भागलपुर के बांका उप जिला कोषागार से पशुपालन विभाग में जाली विपत्रों के आधार पर लगभग 45 लाख रुपए की अवैध निकासी का है। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत कई तत्कालीन मंत्री, विधायक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इस मामले में आरोपित हैं। सीबीआई ने मामले की प्राथमिकी आर सी 63ए/96 के रूप में दर्ज करने के बाद 44 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इनमें से कई आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में लालू प्रसाद यादव समेत 18 आरोपितों के खिलाफ सुनवाई जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static