मेंहदी सिर्फ साज-सज्जा नहीं, किस्मत बदलने वाली शक्ति है! जानिए कौन-सी डिजाइन होती है सबसे शुभ
Sunday, Jun 22, 2025-09:08 AM (IST)

Simple Mehndi Designs: बिहार की सांस्कृतिक विरासत में मेंहदी का खास महत्व है। शादी-ब्याह, पूजा-पाठ या किसी भी शुभ कार्य में महिलाएं अपने हाथों में खूबसूरत मेंहदी रचाकर न केवल परंपरा निभाती हैं, बल्कि सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा दोनों को महसूस करती हैं।
आज भले ही मेहंदी को फैशन या ट्रेंड माना जाता हो, लेकिन शास्त्रों और ज्योतिष में कुछ खास मेहंदी डिजाइनों को शुभ और भाग्य बदलने वाला बताया गया है। खासतौर पर बिहार और उत्तर भारत में यह परंपरा गहराई से जुड़ी हुई है।
तो आइए जानते हैं कि कौन-कौन सी मेहंदी डिजाइन आपको दे सकती है सौभाग्य, धन, प्रेम और शांति का आशीर्वाद।
स्वास्तिक और ओम् डिजाइन – शुभता का प्रतीक
मेहंदी में स्वास्तिक और ॐ जैसे धार्मिक चिन्ह बनाना बहुत ही शुभ माना जाता है। स्वास्तिक हर मंगल कार्य की शुरुआत का प्रतीक है, वहीं ॐ आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करता है। इस तरह की डिजाइनों से घर में सकारात्मक ऊर्जा और मन में शांति आती है।
कमल और पत्तियों वाली डिजाइन – लक्ष्मी कृपा के लिए
कमल का फूल मां लक्ष्मी को अति प्रिय है। इसलिए अगर पूजा, व्रत या किसी शुभ कार्य के समय कमल और बेल-पत्तियों वाली मेहंदी लगाई जाए, तो यह धन और समृद्धि लाने वाली मानी जाती है।
मंडला डिजाइन – ध्यान और मानसिक शांति के लिए
मंडला डिजाइन सिर्फ दिखने में खूबसूरत नहीं होती, बल्कि यह मानसिक संतुलन और ध्यान को बढ़ावा देती है। त्योहारों या शादी-विवाह जैसे मौके पर यह डिजाइन लगाना मन को स्थिर करता है और निर्णय क्षमता को मजबूत बनाता है।
दूल्हा-दुल्हन या राधा-कृष्ण की आकृति – प्रेम और रिश्तों के लिए
शादी के वक्त अक्सर दुल्हनें दूल्हा-दुल्हन या राधा-कृष्ण की आकृति वाली मेहंदी रचाती हैं। यह प्रेम, समर्पण और रिश्तों में मजबूती का प्रतीक है। ऐसी डिजाइन को शुभ विवाह जीवन का संकेत माना गया है।
गोल चक्र और सूर्य आकृति – आत्मविश्वास और सफलता के लिए
हथेली के बीच में गोल चक्र या सूर्य की आकृति बनाने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। जब आप किसी परीक्षा या नए काम की शुरुआत कर रहे हों, तो इस तरह की मेहंदी डिजाइन आत्मबल और सफलता दिला सकती है।
मोरपंख डिजाइन – सौंदर्य और भाग्य के लिए
मोरपंख भगवान कृष्ण से जुड़ा हुआ है और इसे सुंदरता व भाग्य का प्रतीक माना जाता है। मेहंदी में मोरपंख वाली डिजाइन रचवाने से सौभाग्य और मानसिक शांति मिलती है।
आखिर क्यों खास हैं ये डिजाइंस?
शास्त्रों में हर आकृति का एक गहरा अर्थ होता है। जब हम इन शुभ चिन्हों को मेहंदी के रूप में अपनाते हैं, तो यह केवल सजावट नहीं बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करने का एक माध्यम बन जाती हैं।