गुटखा थूकने के चक्कर में वंदे भारत की चपेट में आया शख्स, मौत; रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO वायरल

Thursday, Mar 26, 2026-05:16 PM (IST)

Bihar News: दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत बाढ़ स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर एक यात्री महज खैनी थूकने की कोशिश में अपनी जान गंवा बैठा। तेज रफ्तार में गुजर रही पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (22348) की चपेट में आने से व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

कैसे हुआ हादसा? 

प्रत्यक्षदर्शियों और रेल पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 08:45 बजे की है। मृतक प्लेटफॉर्म पर खैनी खा रहा था और उसे थूकने के लिए वह प्लेटफॉर्म के किनारे पटरियों की ओर झुका। इसी दौरान डाउन लाइन से वंदे भारत एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही थी। ट्रेन ने तेज हॉर्न भी बजाया, लेकिन व्यक्ति का ध्यान खैनी फेंकने में इतना केंद्रित था कि वह समय रहते पीछे नहीं हट सका। ट्रेन की रफ्तार के कारण लगे जबरदस्त झटके से वह प्लेटफॉर्म पर दूर जा गिरा। 

इलाज के दौरान तोड़ा दम 

घटना के तुरंत बाद रेल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। व्यक्ति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 

मृतक की पहचान अभी बाकी 

जीआरपी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। उसने आसमानी रंग की शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसके पास से एक टॉर्च, हॉर्लिक्स खरीदने की एक पर्ची, थैले में रखी कुछ सब्जियां मिली हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है और शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है। 

जीआरपी की कड़ी चेतावनी 

इस दर्दनाक हादसे के बाद जीआरपी थानाध्यक्ष ने प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि अक्सर यात्री गुटखा या खैनी खाकर पटरी की ओर झुककर थूकने की कोशिश करते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। रेलवे ने यात्रियों को प्लेटफॉर्म के पीले निशान से पीछे रहने और स्टेशन परिसर में नशा न करने की सलाह दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static