जंगल में दफन थी मोहब्बत...3 महीने बाद प्रेमी की क्रूरता का पर्दाफाश, घर से 430KM दूर मिला शिवानी का कंकाल
Friday, Feb 27, 2026-01:59 PM (IST)
Rohtas Murder Case: बिहार में एक दिल दहला देने वाली मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हुआ है। रोहतास से तीन महीने पहले लापता हुई इंटरमीडिएट की छात्रा शिवानी कुमारी की हत्या कर दी गई है। उसका शव घर से 430 किलोमीटर दूर बांका के घने जंगलों में 10 फुट गहरे गड्ढे से बरामद किया गया। इस सनसनीखेज वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी प्रिंस कुमार ने अंजाम दिया, जो पेशे से वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड है।
शादी का दबाव बना मौत का कारण
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शिवानी और प्रिंस पिछले एक साल से प्रेम प्रसंग में थे। प्रिंस के रोहतास स्थित रिश्तेदारों के माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी। शिवानी लगातार प्रिंस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिसे प्रिंस टाल रहा था। छात्रा के बढ़ते दबाव से छुटकारा पाने के लिए प्रिंस ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
20 नवंबर को बुना गया मौत का जाल
20 नवंबर 2025 को शिवानी पार्लर का सामान लेने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन प्रिंस उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाकर देवघर की ओर ले गया। रास्ते में जमुई के पास प्रिंस ने कार के अंदर ही शिवानी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय शिवानी ने अपने परिजनों को आखिरी कॉल कर बताया था कि प्रिंस उसे जबरदस्ती ले जा रहा है और उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है।
लाश छिपाने के लिए फॉरेस्ट गार्ड की जानकारी का इस्तेमाल
हत्या के बाद प्रिंस ने साक्ष्य मिटाने के लिए अपने पद और भौगोलिक जानकारी का फायदा उठाया। वह लाश को जमुई से 92 किलोमीटर दूर बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित कोडराटारी जंगल ले गया। अपने सहयोगियों उमेश यादव और छोटू कुमार की मदद से उसने शिवानी के शव को 10 फुट गहरे गड्ढे में दफना दिया।
मोबाइल लोकेशन और दोस्तों ने खोला राज
शिवानी के परिजनों द्वारा अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने 13 जनवरी 2026 को प्रिंस को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह कर रहा था। पुलिस की जांच तब निर्णायक मोड़ पर पहुंची जब प्रिंस के दोस्त आदित्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को जंगल में चिन्हित स्थान की खुदाई की गई, जहां से शिवानी का कंकाल बरामद हुआ।

