मेला घूमने के बहाने बुलाया, नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई... फिर 3 दोस्तों नें युवती से 3 दिन तक किया सामूहिक दुष्कर्म
Monday, Apr 13, 2026-10:09 AM (IST)
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की दहला देने वाली घटना सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि उसे झांसा देकर नशीला पदार्थ पिलाया गया और तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ हैवानियत की गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी ऋषि यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
मेला घूमने के बहाने बुलाया, फिर...
पीड़िता ने बताया कि एक निजी अस्पताल में अपनी मामी के इलाज के दौरान उसकी मुलाकात ऋषि यादव नाम के युवक से हुई थी। युवक ने मदद के बहाने युवती का मोबाइल नंबर लिया और विश्वास जीत लिया। रविवार को आरोपी ने युवती को मेला घूमने के बहाने बुलाया। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
ऑर्केस्ट्रा में बेचने और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि बेहोश होने के बाद आरोपी ऋषि और उसके दो साथियों ने युवती को एक सुनसान खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा और विरोध करने पर उसे ऑर्केस्ट्रा में बेचने और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने 3 दिन बाद दर्ज की FIR
पीड़िता के अनुसार, वह शिकायत लेकर एसकेएमसीएच ओपी और अहियापुर थाना पहुंची, लेकिन पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। उसे तीन दिनों तक एफआईआर के लिए दर-दर भटकना पड़ा। पहले उससे और उसके पिता से ऐसा बयान लिया गया जिसमें किसी पर आरोप नहीं लगाया गया था। जब पीड़िता का बयान सामने आया, तब पुलिस हरकत में आई और तब जाकर मामला दर्ज किया गया। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषि यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

