प्रेमी ने व्यवसायी को बेची अपनी प्रेमिका, 13 महीने तक बंधक बनाकर करता रहा यौन शोषण; पीड़िता की आपबीती जान फट जाएगा कलेजा
Thursday, Apr 02, 2026-01:04 PM (IST)
Bihar Crime Updates : बिहार के पूर्णिया जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने प्यार, विश्वास और इंसानियत तीनों को शर्मसार कर दिया है। जहां एक युवती को उसके ही प्रेमी ने धोखे से एक व्यवसायी को बेच दिया। वहीं आरोपी व्यवसायी उसे 13 महीनों तक लगातार अपनी हवस का शिकार बनाता रहा।
बंधक बनाकर 13 महीने तक की दरिंदगी
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि लगभग 13 महीने पहले पीड़ित युवती अपने प्रेमी के साथ शादी करने की नीयत से घर से निकली थी। लेकिन कलयुगी प्रेमी ने उसे धोखे में रखकर गुलाबबाग के व्यवसायी प्रह्लाद कुमार जायसवाल के हाथों बेच दिया। मुक्त कराई गई युवती ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि व्यवसायी उसे घर के अंदर कैद करके रखता था। उसे घर से बाहर निकलने की सख्त मनाही थी। इस दौरान आरोपी प्रह्लाद जायसवाल उसे अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। बदनामी के डर से परिवार पहले चुप रहा, लेकिन सुराग मिलते ही उन्होंने 31 मार्च को भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
छापेमारी में मिला हथियारों का जखीरा और नकदी का 'खजाना'
पुलिस जब युवती को छुड़ाने पहुंची, तो व्यवसायी का घर किसी अनाज गोदाम जैसा नहीं बल्कि हथियारों के डिपो जैसा नजर आया। पुलिस ने मौके से 1 देसी कट्टा, 2 रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस और 7 खाली खोखे बरामद किए। इसके अलावा 5,80,250 रुपये नगद, 11 बैंक पासबुक, जमीन के कागजात और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर भी जब्त किए।
आयकर विभाग करेगा अवैध संपत्ति की जांच
पूर्णिया SP स्वीटी सहरावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि बरामद बैंक पासबुक और संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax Department) को पत्र भेजा जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस और हथियार कहाँ से आए, इस पर आरोपी व्यवसायी चुप्पी साधे हुए है।
फरार प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी व्यवसायी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं उस मुख्य आरोपी प्रेमी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसने युवती को बेचा था। पुलिस की टीमें उसे दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। युवती को कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

