वैशाली सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
Monday, Nov 21, 2022-09:55 AM (IST)

पटनाः बिहार के वैशाली में हुए सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरी शोक संवेदना की है। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर लिखा, "वैशाली बिहार में हुई सड़क दुर्घटना में बच्चों समेत कई लोगों के हताहत होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
वैशाली, बिहार में हुई सड़क दुर्घटना में बच्चों समेत कई लोगों के हताहत होने की ख़बर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 20, 2022
बता दें कि वैशाली जिले के देसरी थाना अंतर्गत सुल्तानपुर गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होकर एक शोभायात्रा (धार्मिक कार्यक्रम) में घुस जाने पर महिलाओं और 6 बच्चों सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा रात करीब नौ बजे उस समय हुआ जब लोग एक स्थानीय देवता "भूमिया बाबा" की पूजा करने के लिए सड़क के किनारे एक "पीपल" के पेड़ के सामने एकत्र हुए थे।