मच्छर भगाने के लिए घर में जलाया था कॉइल, लग गई भयानक आग; लकवाग्रस्त महिला की झुलसकर मौत
Saturday, Feb 28, 2026-09:31 AM (IST)
Bihar News : बिहार की पटना सिटी से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार की शाम एक तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लगने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पैरालिसिस से पीड़ित होने के कारण महिला खुद को बचाने में असमर्थ थी और बिस्तर पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार,घटना पटना के जक्कनपुर थाना अंतर्गत करबिगहिया इलाके की है। मृतक महिला की पहचान 65 वर्षीय मालती देवी के रुप में हुई है। मृतक महिला के पति बलिराम चौधरी घटना के समय घर के पिछले हिस्से में टीवी देख रहे थे। वहीं उनका छोटा बेटा रवि शंकर चौधरी अपने परिवार के साथ बाजार गया हुआ था। शाम करीब 7 बजे बालकनी वाले कमरे में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोसियों ने जब धुआं देखा, तो आनन-फानन में छत पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मालती देवी बुरी तरह झुलस चुकी थीं।
मच्छर भगाने वाली 'कॉइल' से लगी आग
कमरे में मच्छरों से बचाव के लिए कॉइल जलाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि कॉइल की चिंगारी से खाट और बिस्तर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि मालती देवी साल 2022 से पैरालिसिस की शिकार थीं और चलने-फिरने या बोलने में अक्षम थीं, इसलिए वे शोर भी नहीं मचा सकीं और न ही बिस्तर से उतर पाईं।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जक्कनपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत से काबू पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन जारी है।

