नित्यानंद राय का आरोप- भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Monday, Sep 05, 2022-11:45 AM (IST)

समस्तीपुरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी इस राजनीति को बिहार ने देखा और आज देश भी देख रही है।
"भ्रष्टाचारियों को संरक्षित कर रहे नीतीश"
नित्यानंद राय ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव जैसे भ्रष्टाचारियों से गठबंधन कर बिहार को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन का नारा अब केवल नारा ही बनकर रह गया है क्योंकि वह अब घोटालेबाज और भ्रष्टाचारियों को पूरी तरह संरक्षित कर रहे है।
"PM मोदी की लोकप्रियता पूरी दुनिया देख रही"
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को देश ने देखा और आज पूरी दुनिया भी देख रहा है। उन्होंने कहा कि देश से गरीबी मिट रही है, उत्पादन बढ़ रहा है और आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता सम्राट चौधरी, विधान पार्षद तरुण कुमार, भाजपा विधायक बीरेंद्र कुमार पासवान, राजेश सिंह, भाजपा के प्रदेश महासचिव सुशील कुमार चौधरी, पूर्व विधायक शील कुमार राय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी उपस्थित थे।