आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर जानलेवा हमला, फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत; 4 पुलिसकर्मी घायल
Wednesday, Mar 18, 2026-10:17 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर में बीती रात पुलिस की छापेमारी के दौरान भारी बवाल हो गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में एक ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि इस झड़प में चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की।
पॉक्सो के आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, मामला जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव की है। पुलिस टीम पॉक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार अभियुक्त भीखारी राय व अन्य को पकड़ने गई थी। पुलिस का दावा है कि अभियुक्तों ने शोर मचाकर भीड़ इकट्ठा कर ली और पुलिस पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गलत घर में घुसने की कोशिश कर रही थी, जिसका विरोध जगतवीर राय ने किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस व ग्रामीणों के बीच झड़प शुरू हो गई। इसी अफरा-तफरी के बीच गोली लगने से जगतवीर राय की मौत हो गई।

थानेदार समेत कई जवान अस्पताल में भर्ती
पुलिस के मुताबिक, भीड़ की तरफ से भी फायरिंग की गई। इस हिंसक झड़प में गायघाट के थाना प्रभारी राजा सिंह, अपर थाना प्रभारी मनीष कुमार और होमगार्ड के दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार मुजफ्फरपुर के SKMCH अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ग्रामीण जगतवीर राय की मौत की पुष्टि की है और मामले की उच्च स्तरीय जांच व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

