स्पीड ब्रेकर बनाने पर भारी बवाल, थाना परिसर में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला, हिरासत में 24 लोग
Monday, Mar 09, 2026-11:43 AM (IST)
Bihar News : बिहार में सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर के विवाद को लेकर असमाजिक तत्वों ने थाना परिसर में पहुंच कर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि चांद बरवां गांव में स्पीड ब्रेकर बनाने के बाद कुछ दिन से विवाद चल रहा था। कुछ ग्रामीण उक्त स्पीड ब्रेकर पर घायल हो गए थे। सूत्रों ने बताया कि उक्त मामले की जांच करने के लिए डायल 112 की टीम उक्त स्थान पर पहुंची थी। जहां कुछ लोगों से विवाद होने पर टीम ने वापस लौट कर थाना पहुंच कर मामले की सूचना थाना प्रभारी को दी।
सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहन से पहुंचे असमाजिक तत्वों ने थाना प्रभारी के साथ विवाद करने के साथ ही उनपर और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी रंजीत पासवान, महिला पुलिसकर्मी स्मृति प्रियंका, प्रीति कुमारी सिंह, चौकीदार रामराज कुमार तथा सुरेश राय घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मशरक के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित काफी संख्या में पहुंचें। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही लगभग 24 लोगों को हिरासत में लिया है ।इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर थाना परिसर तथा आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।

