जहरीली शराब से ही हुई थी छपरा में 5 लोगों की मौत, ADG ने किया खुलासा; 6 आरोपियों को पकड़ा
Wednesday, Mar 18, 2026-11:02 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के छपरा में पिछले दिनों हुई पांच लोगों की मौत का खुलासा हो गया है। पुलिस मुख्यालय के ADG अमित कुमार जैन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि इन सभी की मौत जहरीली शराब पीने की वजह से हुई थी। जांच रिपोर्ट में शराब के भीतर जानलेवा रसायनों के अंश मिले हैं।
सैंपल में मिला मिथाइल अल्कोहल
ADG अमित कुमार जैन ने बताया कि मृतकों द्वारा पी गई शराब के जो सैंपल लिए गए थे, उनकी लैब जांच में मिथाइल अल्कोहल की मात्रा पाई गई है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अब तक सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में कुल 10 अभियुक्तों को नामजद किया गया था। पुलिस ने छापेमारी कर अब तक 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जहरीली शराब के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घातक मिथाइल अल्कोहल कहाँ से लाया गया था और इसमें कौन-कौन से बड़े माफिया शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

