मोतिहारी में देर रात एनकाउंटर...पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश, मुठभेड़ में एक को लगी गोली
Tuesday, Mar 10, 2026-10:47 AM (IST)
Motihari Encounter: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की देर रात जिले के नगर थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान चांदमारी चौक के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध चार पहिया गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक ने रुकने के बजाए पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की और तेज रफ्तार में वाहन लेकर फरार हो गया।
बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
हालांकि सतकर्ता के कारण पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र में बैरिकेटिंग लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने बैरिकेटिंग तोड़ दी और भागने के दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई और वाहन का पीछा किया। सूत्रों ने बताया कि लगातार पीछा किए जाने पर अपराधियों ने कोटवा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे गाड़ी छोड़ दी और अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को मोतिहारी से लगभग 22 किलोमीटर दूर कोटवा थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि भाग रहे युवकों में से एक को गोली लगी है। घायल युवक को गंभीर स्थिति में मोतिहारी के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

