आधी रात को आई फोन कॉल और फिर सब खत्म..,5 हजार के लिए सिर में दाग दी गोलियां; खौफनाक हत्याकांड से दहला इलाका

Wednesday, Feb 25, 2026-10:16 AM (IST)

Bihar Crime News : बिहार के नालंदा जिले में महज 5,000 रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं इस नृशंस हत्याकांड से पूरा इलाका दहल उठा। 

5 हजार के लिए सिर में दाग दी गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, वारदात मानपुर थाना क्षेत्र के डंबरबीघा गांव के समीप का है। मृतक की पहचान पावा गांव निवासी अनुज सिंह के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सौरभ ने किसी व्यक्ति को 5,000 रुपये उधार दिए थे। मंगलवार देर रात बकाया रकम लेने के लिए उसे फोन कर डंबरबीघा गांव के पास बुलाया गया। सौरभ जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे अपना निशाना बना लिया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद सौरभ लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया।

हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस

इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गया। सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि लेन-देन के विवाद में हत्या की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर FSL की टीम को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सौरभ की मौत के बाद उसके घर में मातम पसर गया है। परिजनों का आरोप है कि रुपये देने के बहाने उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत बुलाया गया था। इस हत्याकांड ने आसपास के ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static