बिहार में बेखौफ बदमाश! सिगरेट देने से इनकार पर दुकानदार के मुंह में मारी गोली
Wednesday, Feb 25, 2026-08:52 PM (IST)
पटना: बिहार के मधेपुरा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना क्षेत्र के टीपी कॉलेज चौक के पास एक किराना दुकानदार को सिर्फ सिगरेट और गुटखा देने से मना करने पर गोली मार दी गई। घायल दुकानदार की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
देर रात दुकान बंद करते समय हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 12 बजे की है। 35 वर्षीय पिंटू केसरी पिछले करीब 12 साल से इलाके में ‘पप्पू जनरल स्टोर’ नाम से दुकान चला रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जब वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और सिगरेट-गुटखा की मांग करने लगे। दुकान बंद होने की बात कहकर मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में बदमाशों ने चला दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस बढ़ते ही एक आरोपी ने बेहद नजदीक से पिंटू केसरी के मुंह में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के वक्त पीड़ित के भाई और दुकान के एक कर्मचारी भी मौजूद थे। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर
घायल दुकानदार को पहले स्थानीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने गोली निकाल दी है, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। अनुमंडल पुलिस अधिकारी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत, लोगों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। छोटी-सी बात पर इस तरह की हिंसक घटना ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

