बिहार में जमीन विवाद में फिर बहा खून, रिटायर्ड फौजी की गोली मारकर हत्या
Friday, Feb 20, 2026-08:48 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार की पटना सिटी में एक सेवानिवृत्त सैनिक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं इस दिल दहलाने वाले हत्याकांड से पूरा इलाका कांप उठा।
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के गोपालपुर इलाके की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय तेजनंदन राय के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब सवा दो बजे की है। बताया जा रहा है कि तेजनंदन राय पर अचानक हमला कर गोली मारी गई, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पूर्व सैनिक को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस हत्याकांड के बाद इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

